द फॉलोअप डेस्क
छठ पूजा की चहल-पहल के बीच उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुए एक सड़क हादसे ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। दरअसल जयपुर से सीतामढ़ी आ रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस गुरुवार तड़के नेशनल हाईवे-28 पर सलेमगढ़ फोरलेन के बहादुरपुर चौकी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में 20 लोग घायल हो गए हैं। यह घटना बिहार बॉर्डर से महज 500 मीटर पहले हुआ है। 
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने कहा है कि बस में क्षमता से दोगुने यात्री सवार थे, जिसकी वजह से ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। जिससे 20 लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत बस के अंदर फंसे हुए यात्रियों को जैसे-तैसे बाहर निकाला और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पड़रौना जिला अस्पताल पहुंचाया। इस घटना में 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें पड़रौना अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। .jpg)
हादसे के कारण फोरलेन पर करीब 2 घंटे तक आवाजाही ठप रही। और गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना मिलते ही कुशीनगर की एसडीएम आकांक्षा मिश्रा मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों की हालत देखी और परिजनों को सूचना देने के आदेश दिए। वहीं पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया कि बस स्पीड ज्यादा और ओवरलोडिंग होने के कारण यह घटना हुई है। वहीं बस का ड्राईवर फरार बताया जा रहा है।