द फॉलोअप डेस्क
सारण जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां के छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर मंगलवार अहले सुबह एक सड़क दुर्घटना में CISF के 35 जवान घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली से चुनाव ड्यूटी के लिए बिहार आए ये जवान बस से डोरीगंज जा रहे थे, इसी क्रम में रसूलपुर थाना क्षेत्र के पांडेय छपरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बस को टक्कर मार दी।.jpeg)
इस घटना में गंभीर रूप से घायल 28 लोगों को इलाज के लिए पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है। जबकि सात का इलाज छपरा सदर अस्पताल में जारी है। मिली जानकारी के अनुसार घटना अहले सुबह करीब 3 बजे हुई, जिसमें बस में 40 जवान सवार थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मदद के लिए पहुंचे। और सभी घायलों को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर मामलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। मामले को लेकर एडीपीओ राजकुमार ने कहा कि जवान ट्रेन से सीवान स्टेशन पहुंचे थे और वहां से बस के जरिये छपरा के डोरीगंज अनुमंडल में तैनाती के लिए निकले थे। तभी एकमा की ओर से आ रहे एक ट्रक ड्राइवर की लापरवाही से यह टक्कर हो गई। बचाव कार्य में कोई जानलेवा चोट की खबर नहीं है, लेकिन कई जवानों को फ्रैक्चर और आंतरिक चोटें आई हैं।.jpg)
वहीं घटना स्थल से ट्रक चालक फरार हो चुका है। जिसकी तलाश करने में पुलिस जुट गई है। वहीं अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि घायल जवानों को पूर्ण सहायता प्रदान की जाएगी तथा दुर्घटना की गहन जांच होगी।