द फॉलोअप डेस्क
बिहार के वैशाली जिले में ताजिया जुलूस के दौरान एक बड़ी दुर्घटना हो गई। जिले के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर दिग्गी ओवरब्रिज के पास डीजे ट्रॉली की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की पहचान काजीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर देवरिया निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद जब्बार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद जब्बार अपने 10 वर्षीय बेटे को ताजिया जुलूस में खोजने के लिए निकले थे जो कि जुलूस देखने गया हुआ था। 
बताया जा रहा है कि जब वे दिग्गी ओवरब्रिज के पास जुलूस स्थल पर पहुंचे उसी दौरान भीड़ और अव्यवस्था के कारण डीजे ट्रॉली के नीचे आ गए। जिसके बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हे घायल अवस्था में ही हाजीपुर के सदर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में एक बेटी और एक 2 बेटे हैं। और खुद मृतक 4 भाइयों व एक बहन में दूसरे नंबर पर था। 
हादसे की सूचना मिलते ही काजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और डीजे ट्रॉली चालकव जुलूस आयोजकों से भी पूछताछ कर रही है।