logo

शाह का दावा- 2024 चुनाव के बाद गिर जाएगी बिहार में महागठबंधन की सरकार, मोदी फिर बनेंगे PM

amit_shah_3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर है। इस दौरान उन्होंने आज नवादा में जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह नवादा से बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर जमकर बरसे। शाह ने कहा कि लोगों को लगता है कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार एक बार एनडीए में शामिल हो जाएंगे। लेकिन मैं लोगों से और खास तौर पर ललन बाबू से कहना चाहता हूं कि अब नीतीश कुमार के लिए भाजपा के दरवाजे कभी नहीं खुलेंगे। जनता भी चाहती है कि इन लोगों की वापसी अब एनडीए में न हो। शाह ने दावा किया है कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद बिहार में महागठबंधन की सरकार गिर जाएगी।

सत्ता के लालच में नीतीश कुमार लालू यादव की गोद में जाकर बैठे
अमित शाह ने कहा कि सत्ता के लालच में नीतीश कुमार लालू यादव की गोद में जाकर बैठे हैं। पीएम बनने की चाहत रखने वाले नीतीश कुमार की लालू यादव के साथ रहने की मजबूरी है। लेकिन हमारी कोई मजबूरी नहीं है। हम जन-जन तक जाएंगे और लोगों की समस्या सुलझाएंगे। शाह ने आगे कहा कि मैंने ऐसी स्वार्थी सरकार कही नहीं देखी जो सिर्फ अपने बारे में सोचती है। बिहार की सरकार बुरी नीयत और बुरी नीति की सरकार है। भ्रष्टाचार का B, अराजकता का A और दमन का D... इन तीनों से मिलकर ये सरकार बनी है और इसे उखाड़कर फेंक देना है।

न नीतीश पीएम बनेंगे न तेजस्वी सीएम
शाह ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कभी पीएम नहीं बनेंगे क्योंकि दिल्ली में वह जगह खाली नहीं है। शाह ने आगे कहा, मैं आज लालू जी को भी कहने आया हूं, आप नीतीश बाबू को जानते हो, पीएम तो वो बनने से रहे,  क्योंकि दिल्ली में वह जगह खाली नहीं है। देश की जनता तीसरी बार भी पीएम मोदी को चुनेगी। नीतीश कुमार पीएम नहीं बनेंगे तो लालू जी के बेटे तेजस्वी कभी सीएम नहीं बन पाएंगे। शाह ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, 'नीतीश बाबू आपने अपने जीवन में कई पार्टियां बदली हैं, कई लोगों को धोखा दिया हैं लेकिन जिस UPA में लालू के साथ आप गए हैं, उसने बिहार को क्या दिया?'


सासाराम की जनता की मांगी माफी
बता दें कि बिहार के 2 जिलों में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसक झड़प हुई थी। सासाराम और बिहारशरीफ में लगातार इन जिलों के माहौल बिगड़ रहा है। जिस कारण इन जिलों में धारा 144 लगा दी गई है। जिस कारण सासाराम में गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को भी रद्द कर दिया गया। अमित शाह ने नवादा से सासाराम की जनता से मांफी मांगी। उन्होंने कहा कि हिंसा के कारण सासाराम का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। लेकिन मैं वादा करता हूं कि जब भी अगली बार बिहार आऊंगा तो सासाराम जरूर आऊंगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT