logo

गढ़वा दिशा की बैठक में नल-जल योजना की बदहाली पर सांसद नाराज, स्वास्थ्य विभाग पर भी उठे सवाल

गढ़वा दिशा की बैठक में नल-जल योजना की बदहाली पर सांसद नाराज, स्वास्थ्य विभाग पर भी उठे सवाल

गढ़वा:
Garhwa News:
गढ़वा जिले में विकास योजनाओं की बदहाली और उनके क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। जिला समाहरणालय के सभागार में आयोजित जिला योजना समिति सह दिशा की बैठक में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता पलामू सांसद वीडी राम ने की। इस दौरान नल-जल योजना की बदहाली, 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली और सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

नल-जल योजना पर सांसद वीडी राम ने जताई नाराजगी
बैठक में नल-जल योजना के क्रियान्वयन को लेकर सांसद वीडी राम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिले में योजना का काम सही तरीके से नहीं हुआ है। कई जगहों पर धरातल पर काम नजर नहीं आ रहा है, जबकि जहां काम हुआ भी है, वहां लोगों को अब तक पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

108 एंबुलेंस सेवा पर भी उठे सवाल
सांसद ने 108 एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस मरीजों को केवल पीएमसीएच पलामू तक छोड़ रही है, जबकि मरीजों को उनकी जरूरत और निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाया जाना चाहिए। इस व्यवस्था में सुधार करने और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत पर उन्होंने जोर दिया।

सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की आपूर्ति पर विधायक ने उठाए सवाल
इधर, गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में ऐसी दवाइयों की भी आपूर्ति की जा रही है, जिनका कोई उपयोग नहीं है। विधायक ने कहा कि मंत्री से जुड़े लोग सीधे अस्पतालों में दवाइयां पहुंचा रहे हैं, जबकि उनकी जरूरत और उपयोगिता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता जताई।

भवनाथपुर विधायक ने भी उठाया नल-जल योजना का मुद्दा
वहीं, भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव ने अपने क्षेत्र में नल-जल योजना की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में योजना के तहत ढांचा तो तैयार कर दिया गया है, लेकिन अधिकांश जगहों पर पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है और काम केवल खानापूर्ति तक सीमित रह गया है। उन्होंने सांसद वीडी राम की ओर से उठाए गए सवालों का समर्थन करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की।

विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों से योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। नल-जल योजना, स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था से जुड़े मुद्दों ने जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर सवाल खड़े किए।

Tags - Garhwa NewsNal-Jal YojanaDisha MeetingGarhwa UpdateJharkhand Development Schemes