द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार आ रहे हैं। इस दौरान वो पश्चिम चंपारण और पटना में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर तैयारियां लगभग कर पूरी कर ली गई है। बता दें कि शाह पिछले 5 महीने में तीसरी बार बिहार आ रहे है। अमित शाह अपने बिहार दौरे के क्रम में बाल्मीकि नगर के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। वहीं यह भी कहा जा रहा है पटना में स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में किसानों के लिए वो कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं। अमित शाह के आने को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ADGP (सिक्योरिटी) ने पटना और पश्चिम बंगाल के डीएम एसपी को अलर्ट जारी किया है।

किसान मजदूर समागम में हिस्सा लेंगे
जानकारी के अनुसार अमित शाह 25 फरवरी यानी आज सुबह 11 बजे पश्चिम चंपारण के लौरिया के साहूजन मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे। उसके बाद वह नंदनगढ़ जाएंगे। नंदनगढ़ में वह उस बौद्ध स्तूप का दर्शन करेंगे जहां से राजकुमार सिद्धार्थ यानी महात्मा बद्ध अपने राजसी वस्त्र को त्याग कर ज्ञान की खोज में निकले थे। उसके बाद को पटना में आयोजित स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती समारोह किसान मजदूर समागम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 6:30 बजे तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारे में मत्था टेकने जाएंगे। इसके बाद वहां से सीधे बिहार स्टेट गेस्ट हाउस जाएंगे। जहां बीजेपी नेताओं के साथ मीटिंग के बाद रात का डिनर होगा। रात के 9:15 बजे अमित शाह एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे और 9:30 बजे विशेष विमान से पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

5 महीने में तीसरी बार बिहार दौरा
लोकसभा चुनाव में अभी 14 महीने बाकी है। ऐसे में बीजेपी कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती है। माना जा रहा है कि अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी व्यापक होगा। शाह इस मंच से लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हुंकार भरेंगे। शाह इससे पहले सीमांचल के किशनगंज और पूर्णिया में 23 और 24 सितंबर 2022 को आए थे। ठीक 20 दिन बाद 12 अक्टूबर को जेपी की जयंती के मौके पर छपरा के सिताबदियारा पहुंचे थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT