logo

पलामू में टांगी से वार कर 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, पत्नी घटना के बाद फरार

पलामू में टांगी से वार कर 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या, पत्नी घटना के बाद फरार

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के धूप गांव में सोमवार की रात 40 वर्षीय गुनी भुइयां की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद से उसकी पत्नी मनतोडवा देवी के फरार होने की बात सामने आयी है। मंगलवार सुबह मामले की जानकारी मिलने पर पांकी थाना की पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात गांव में लक्ष्मी पूजा का आयोजन हो रहा था। इसी दौरान रात करीब 10 बजे मृतक की पत्नी मनतोडवा देवी ने आसपास के लोगों को बताया कि अधिक शराब पीने के कारण उसके पति की मौत हो गयी है। उसकी बात सुनकर ग्रामीण घर के पास पहुंचे। वहां गुनी भुइयां का शव देखकर लोगों को संदेह हुआ। जांच करने पर उसके सिर पर टांगी से वार किये जाने के निशान मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

पति-पत्नी के बीच विवाद में हत्या की आशंका, पत्नी की तलाश में जुटी पुलिस

 

ग्रामीणों के बीच हत्या के पीछे पति-पत्नी के आपसी विवाद की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि, अब तक हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद से पत्नी मनतोडवा देवी के गांव से फरार होने की बात सामने आयी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे क्या कारण था और हत्या को किस परिस्थिति में अंजाम दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पगार गांव का रहने वाला था गुनी भुइयां, शादी के बाद ससुराल में बसा था

 

बताया जाता है कि मृतक गुनी भुइयां मूल रूप से पगार गांव का रहने वाला था। शादी के बाद से वह अपनी पत्नी के साथ धूप गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी। लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इससे जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पत्नी के फरार होने की सूचना के आधार पर उसकी तलाश भी की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

Tags - Palamu Panki Murder Case Jharkhand Crime Police Investigation