बक्सर:
बिहार के बक्सर जिले के एक मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक विवाहिता को जलाकर मारने का प्रयास किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जली हुई विवाहिता पानी मांग रही है। ससुराल वाले कह रहे है कि तुम पहले इस बात को स्वीकार करो कि आग तुमने खुद लगाई है। वो बार-बार उनसे पानी देने की गुहार लगा रही थी लेकिन कोई उसकी एक नहीं सुन रहे थे। महिला को बाद में उसके घर वालों में गंभीर स्थिति में बनारस ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया जहां फिलहाल वो इलाजरत है।

लड़की पानी देने की करती रही गुहार
मामला बक्सर जिले के मुफस्सिल थानाक्षेत्र अन्तर्गत कमरपुर गांव का है। जहां 24 सितंबर को दहेज के लेभियों ने महिला को जलाकर मारने की कोशिश की। इतने में भी उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने विवाहिता को यह खुद से आग लगाने की बात स्वीकार करने के लिए दबाव बनाया जिसका वीडियो सामने आया है। लड़की बार-बार कह रही थी कि मुझे पानी पिला दो नहीं तो मैं मर जाऊंगी।
तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
वीडियो के सामने आने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया गया। महिला के मायकेवालों के शिकायत पर बेटी के पति सूर्यदेव राय, ससुर कमलेश राय और गोतनी पूजा राय के खिलाफ दहेज के लिए जलाकर जान से मारने की कोशिश करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लड़की के ससुर कमलेश राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि छापेमारी जारी है जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर से कठोर सजा दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।

21 नवंबर 2021 को हुई थी शादी
लड़की के मायके वालों ने बताया कि 21 नवंबर 2021 को गाजीपुर के रहने वाली अंजली राय की शादी धूमधाम के साथ बक्सर जिले के मुफस्सिल थानाक्षेत्र के कमरपुर गांव के सूर्यदेव राय के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन के बाद ही वह दहेज में 5 लाख रुपये और लाने के लिए प्रताड़ित करने लगा। कई बार मिल बैठकर लड़के को समझाया गया। लड़की के ममेरे भाई अविनाश राय ने बताया कि इस दौरान पता चला कि लड़का का अपने भाभी के साथ नाजायज संबंध है और वह किसी तरह से पत्नी अंजली राय को रास्ते से हटना चाहता है। 24 सितंबर को यह सूचना मिली कि उसे जलाकर सभी लोग घर छोड़कर भाग गए है। इसके बाद हमलोग उसके ससुराल पहुंचे और मुफस्सिल थाने में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया। साथ ही अंजली को इलाज के लिए बनारस ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।