logo

ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत तेजस्वी के खिलाफ दर्ज किया एक और केस, 9 घंटे तक चली पूछताछ

tejaswai_tensed1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और उनका परिवार लैंड फॉर जॉब्स घोटाला मामले में उलझता नजर आ रहा है। जहां एक तरफ सीबीआई इस मामले की जांच कर रही थी। वहीं अब ईडी की भी इसमें एंट्री हो गई है। बता दें कि लालू यादव के छोटे बेटे और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को 11 अप्रैल यानी मंगलवार को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया था। तेजस्वी यादव सुबह 11 बजे अपने वकील के साथ ईडी कार्यालय पहुंच गए थे। इस दौरान ईडी के अधिकारियों ने नौकरी के बदले ज़मीन घोटाले मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तेजस्वी से करीब 9 घंटे पूछताछ की है।

मैंने कुछ गलत नहीं किया है
ईडी कार्यलय से बाहर आकर तेजस्वी ने मीडिया से कहा कि जब कुछ गड़बड़ हुआ ही नहीं है तो ये लोग क्या सजा देंगे? मैं शुरू से कह रहा हूं कि यह सब 2024 के चुनाव के लिए है। अगर मैंने कुछ गलत नहीं किया है, तो वे मुझसे क्या सवाल कर सकते हैं?
दर्ज हुआ एक और केस
सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत यादव का बयान दर्ज किया। तेजस्वी से पिछले महीने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी पूछताछ की थी। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत एक अलग मामला दर्ज किया है। तेजस्वी यादव की बहन एवं सांसद मीसा भारती से भी ईडी ने 25 मार्च को इस मामले में पूछताछ की थी, उसी दिन तेजस्वी सीबीआई के समक्ष पेश हुए थे. दोनों केंद्रीय एजेंसियों ने हाल ही में मामले में कार्रवाई शुरू की।

2 अभ्यार्थियों की जानकारी जुटाने में लगी सीबीआई
मंगलवार को जहां एक तरफ तेजस्वी यादव से ईडी पूछताछ कर रही थी। वहीं दूसरी ओर मामले की इसी जांच करने के लिए सीबीआई की टीम सारण पहुंच गई थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई 2 अभ्यार्थियों की जानकारी जुटाने में लगी है। सीबीआई ने डीईओ ऑफिस से एक विद्यार्थी से जुड़ी फाइल मांग की है। वहीं 2 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों से जुड़े मामले की बात भी सामने आ रही है।