logo

अपराध : मुजफ्फरपुर में ग्रामीण डॉक्टर को मारने की कोशिश, हालत गंभीर

goli3.jpg

मुजफ्फरपुर:

मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज में एक वारदात को अंजाम दिया गया है। यहां रविवार की रात एक ग्रामीण डॉक्टर को गोली मार कर घायल कर दिया गया। घायल डॉक्टर का नाम विवेक कुमार है। डॉक्टर की हालत गंभीर बनी हुई है। गोली लगने के बाद उन्हें शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर गोली निकालने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल डॉक्टर की हालत चिंताजनक बनी हुई है। 

घर से महज 100 मीटर की दूरी पर मारी गोली
घटना साहेबगंज में ब्लॉक गेट के पीछे घटी है। जहां से 100 मीटर की दूरी पर डॉक्टर का घर है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से 2 खोखा भी बरामद किया है। साथ ही डॉक्टर की बाइक भी घटनास्थल पर मिली है। पुलिस आगे की छानबीन में लगी है। 


पहले से घात लगाए बैठे थे अपराधी
अवधेश कुशवाहा जो कि घायल ग्रामीण डॉक्टर के दामाद है उन्होंने बताया कि साहेबगंज-देवरिया रोड में डॉक्टर का क्लिनिक है। वे मूल रुप से वैशाली जिले के मदरना के रहने वाले है। लेकिन कई वर्षों से साहेबगंज में ही रहते है। उन्होंने आगे बताया की रविवार को जब वो क्लिनिक से लौट रहे थे, तभी घर से महज 100 मीटर की दूरी पर बाइक सवार 2 अपराधी पहले से वहां उनके इंतजार में बैठे हुए थे। डॉक्टर जैसे ही वहां पहुंचे दोनों अपराधियों ने उन पर गोली दाग दी। गोली लगते ही डॉक्टर बाइक से सड़क पर गिर पड़े। 


जान से मारने की फिराक में थे अपराधी 
अपराधी घायल हलात में भी उन्हें गोली मारने की फिराक में थे। उनका मकसद साफ था। वो उन्हें मारने के इरादे से आए थे लेकिन, तभी शोर सुनकर वहां आस-पास के लोग आने लगे जिन्हें देखकर अपराधी वहां से भाग निकले। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर की और घायल डॉक्टर को अस्पताल ले गए और उन्हें भर्ती कराया। दामाद के अनुसार होश आने के बाद डॉक्टर अपना बयान देंगे। सोमवार को पुलिस उनका बयान दर्ज करेगी।