द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बांका जिले के जलेबिया मोड़ थाना इलाके में देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर बिज्जीखरबा और जलेबिया मोड़ के बीच शनिवार की सुबह कार और बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार चार व्यक्ति जख्मी हो गए हैं। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर घायलों को अस्पताल पहुँचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, फुल्लीडूमर थाना इलाके के बेरझोप (या बैनरझोप) गांव के सुरेंद्र साह (46 वर्ष), रूपेश कुमार साह (28 वर्ष) और बालेश्वर साह (59 वर्ष) एक बाइक पर सवार होकर निजी काम से साहबगंज के मटिहानी गांव जा रहे थे।
इसी दौरान झारखंड के गढ़वा जिले के मोरवे गांव के कुछ लोग कार से सुल्तानगंज से जल भरकर देवघर पूजा करने जा रहे थे, तभी दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में बाइक चकनाचूर हो गई, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी। कार सवार घायलों में प्रवीण कुमार गुप्ता, पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी और खुशबू कुमारी शामिल हैं। थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया कि कार की जोरदार टक्कर से बाइक सवार तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।