द फॉलोअप डेस्क
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दिल्ली में हुए जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ललन सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की है। जिसके बाद पिछले कई दिनों से चल रही कयासों का दौर आखिरकार समाप्त हो गया। ललन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सक्रियता को देखते हुए मैंने ये फैसला लिया है। अब नीतीश कुमार खुद अपनी पार्टी की कमान संभालेंगे। हलांकि इसकी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले जदयू में बड़ा फेरबदल हुआ है।

कार्यकारणी सदस्यों की मांग के बाद लिया गया फैसला
मीडिया से बात करते हुए जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा है कि देश में जिस तरह का सियासी महौल बना हुआ उसे देखते हुए पार्टी नेताओं ने सीएम ने पार्टी की कमान अपने हाथ में लेने का आग्रह किया था। कार्यकारणी सदस्यों की मांग के बाद यह फैसला लिया गया है। इस फैसले से पार्टी नेताओं में काफी उत्साह है। बता दें कि मीटिंग से पहले जेडीयू नेताओं ने नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाए। देश का नेता कैसा हो नीतीश कुमार जैसा हो, देश का पीएम कैसा हो-नीतीश कुमार जैसा हो के नारे लगे।

कई दिनों से चल रहा था कयासों का दौर
जानकारी हो कि बीते कुछ दिनों से सियासी गलियारों में यह चर्चा थी कि ललन सिंह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। हालांकि पार्टी के नेता इससे बचते नजर आए। वहीं जब इस बारे में मीडिया ने खुद ललन सिंह से पूछा तो उन्होंने मीडिया पर ही भड़ास निकाली थी। वहीं बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी ललन सिंह को जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटाने की खबरों को गलत बताया।