पटना
राजधानी के अन्य इलाकों में भी हालात चिंताजनक रहे। गांधी मैदान में AQI 252, समनपुरा में 241, दानापुर में 243 और राजवंशी नगर में 231 दर्ज किया गया। राज्य स्तर पर सिवान की हवा सबसे ज्यादा खराब रही, जहां AQI 267 तक पहुंच गया। इसके अलावा आरा में 262, हाजीपुर में 243, पटना में औसतन 226 और बक्सर में 220 AQI दर्ज किया गया। पटना की हवा में पीएम 2.5 की मात्रा भी अधिक पाई गई।

हालांकि किशनगंज और सासाराम की हवा अपेक्षाकृत बेहतर रही। किशनगंज का AQI 53 और सासाराम का 66 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार राज्य के 13 शहरों की हवा मध्यम स्तर की रही।
बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के मुताबिक सर्दी के दिनों में तापमान गिरने से हवा का घनत्व बढ़ जाता है, जिससे प्रदूषक तत्व वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं। हवा की रफ्तार कम होने, निर्माण कार्यों से उठने वाली धूल और मिट्टी की भौगोलिक संरचना के कारण भी वायु गुणवत्ता पर नकारात्मक असर पड़ता है।