logo

सीट बंटवारे पर विवाद के बीच गहलोत पहुंचे पटना, कहा- 5-10 सीटों पर मतभेद बड़ी बात नहीं; सुलझा लिया जायेगा

ASHOK_GAHLOT.jpg

पटना 
बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, लेकिन 'इंडिया' गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। ऐसे में इस असमंजस को दूर करने और सहयोगी दलों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पटना पहुंचे हैं।
पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में गहलोत ने स्पष्ट किया कि इतने बड़े गठबंधन में कुछ सीटों को लेकर मतभेद होना असामान्य नहीं है। उन्होंने कहा, "243 सीटों में 5-10 सीटों पर मतभेद हो जाना कोई बड़ी बात नहीं है। ऐसा हर बड़े गठबंधन में देखने को मिलता है। कार्यकर्ताओं का उत्साह, स्थानीय समीकरण और कुछ फ्रेंडली फाइट की स्थिति बनती है, जिसे जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ा कर नहीं देखना चाहिए।"


गहलोत ने भरोसा जताया कि 1-2 दिनों में सभी भ्रम दूर हो जाएंगे और स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा, "कामकाज पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से चल रहा है। मीडिया में कुछ बातें जरूरत से ज्यादा आ गईं, जिससे माहौल ऐसा बन गया जैसे बड़ा संकट खड़ा हो गया हो, जबकि वास्तव में ऐसा कुछ नहीं है।"
पटना पहुंचने के बाद गहलोत ने राजद नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की और गठबंधन में जारी खींचतान पर बातचीत की। सूत्रों का कहना है कि गहलोत का बिहार दौरा खासतौर पर डैमेज कंट्रोल की मंशा से हुआ है, ताकि कांग्रेस, राजद और वाम दलों के बीच सीटों पर तालमेल बेहतर बनाया जा सके।


फिलहाल, जानकारी के मुताबिक जिन सीटों पर गठबंधन दलों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है, उनमें नरकटियागंज, वैशाली, राजापाकर, रोसड़ा, बछवाड़ा, कहलगांव, बिहारशरीफ, करगहर, गौड़ाबोराम, चैनपुर और सिकंदरा प्रमुख हैं। इन क्षेत्रों में कांग्रेस और राजद सहित अन्य घटक दल आमने-सामने आ सकते हैं, जिससे 'इंडिया' गठबंधन की रणनीति को झटका लग सकता है।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update