logo

15 नवबंर को रांची में सुबह 8 से रात 11 बजे तक इन रास्तों पर जाना मना है!

15 नवबंर को रांची में सुबह 8 से रात 11 बजे तक इन रास्तों पर जाना मना है!

रांची:
Ranchi News:
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और उनके साथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 और 16 नवंबर को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में विशेष बदलाव किया गया है। इस संबंध में यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने गुरुवार को आदेश जारी किया है। आदेश के तहत निर्धारित समयावधि में शहर में मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही छठ घाटों तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है।

रिंग रोड से होकर गुजरेंगे मालवाहक वाहन
यातायात पुलिस के जारी आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को भोर के 2 बजे से सुबह 10 बजे तक शहर में मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान मालवाहक वाहनों को रिंग रोड के रास्ते आवागमन करना होगा। वहीं, 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों का परिचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की है।

15 नवंबर को कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन रहेगा बंद
छठ पर्व के दौरान 15 नवंबर को शहर के कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा। अलबर्ट एक्का चौक से चडरी तालाब की ओर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह रणधीर वर्मा चौक से राजभवन जाने वाले रास्ते पर सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। औघड़ बाबा आश्रम, छोटा तालाब और उर्दू लाइब्रेरी से बड़ा तालाब जाने वाले रास्तों पर किसी भी वाहन को चलने की अनुमति नहीं होगी। जैन मंदिर कटिंग और महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर भी सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। लक्ष्मीनारायण मंदिर से औघड़ बाबा आश्रम जाने वाले रास्ते पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वहीं, जुडिशियल अकादमी और सीठियो बस्ती से धुर्वा डैम छठ घाट जाने वाले मार्ग पर भी सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

छठ व्रतियों के साथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था
छठ घाटों पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। रणधीर वर्मा चौक से हटनिया तालाब मार्ग पर आने वाले लोगों के लिए निगम पार्क के सामने वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। एसएसपी आवास चौक से हटनिया तालाब जाने वाले मार्ग और जाकिर हुसैन पार्क से हटनिया तालाब की ओर आने वाले वाहनों के लिए नाराबाबा खटाल एवं वेजिटेबल मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। राम मंदिर से कांके डैम जाने वाले श्रद्धालु सीएमपीडीआई, गांधीनगर और रॉक गार्डन में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। शालीमार बाजार से छठ तालाब मार्ग की ओर जाने वाले लोगों के लिए शालीमार बाजार में पार्किंग की सुविधा रहेगी। वहीं, शहीद मैदान से छठ तालाब जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन शहीद मैदान में पार्क किए जा सकेंगे। जेल चौक के पास सड़क किनारे और भगवान बिरसा मुंडा के पास भी वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लालपुर यातायात थाना के समीप सड़क किनारे वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके अलावा सर्जना चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सर्जना चौक और फिरायालाल के बीच पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

चुटिया और बड़ा तालाब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी पार्किंग
चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बनस तालाब चुटिया रोड के किनारे भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे। किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा देवेंद्र मांझी चौक के समीप निवारणपुर में भी वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस की ओर से जारी निर्देशों में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। पुलिस का प्रयास है कि घाटों तक पहुंचने और वहां से लौटने के दौरान लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही शहर में यातायात जाम की समस्या से बचने के लिए निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने पर जोर दिया गया है।

Tags - Ranchi Traffic Chhath Puja 2026 Traffic Diversion Parking Update Jharkhand News