द फॉलोअप डेस्क
बिहार में बस के सफ़र की सुविधा को यात्रियों के लिए और भी आसान बनाया जा रहा है। बिहार राज्य पथ परिवहन विभाग (BSRTC) ने अपने बसों में डिजिटल सुविधा प्रदान करने की घोषणा की हैं। जहां अभी यात्रियों को अब इ टिकटिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। वहीं यात्रियों को अब टिकट के लिए काउंटर पर जाकर लम्बी कतार में खड़े होने की जरुरत नही पड़ेगी। यात्री इस सेवा के तहत अगस्त से वर्ल्डलाइन एप के जरिये ऑनलाइन टिकट बुक पर अपनी सीटें आरक्षित कर सकेंगे। इस सन्दर्भ में BSRTC और केनरा बैंक के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया है। इस दौरान BSRTC के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा और केनरा बैंक के महाप्रबंधक अजय कुमार शामिल हुए। 
वहीं परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने इस पहल के शुभारम्भ पर कहा कि यह न केवल यात्रियों को सस्ती और आरामदायक यात्रा प्रदान करेगी बल्कि बिहार के बाहर काम करने वाले प्रवासी मजूदरों और पर्व त्योहारों में घर लौटने वालों के लिए भी अत्यंत आरामदायक साबित होगी। पर्व त्यौहार के दौरान लोग अब घर बैठे ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे और पेमेंट कर सकेंगे। 
वहीं BSRTC प्रशासक अतुल वर्मा ने कहा कि निगम के पास कुल 804 बसें हैं जिनमें प्रतिदिन लगभग 56 हजार से भी अधिक यात्री सफर करते हैं। जिससे रोजाना लगभग 34 लाख रूपये का राजस्व प्राप्त होता है। वहीं उन्होंने आगे बताया कि महिलाओं के लिए 80 पिंक बसें, 500 एसी और नॉन-एसी अंतरराज्यीय बसें, और 400 पीएम ई-बसें सड़कों पर यात्रियों के सुविधाओं के लिए चलायी जायेंगी। इस पहल के तहत रेलवे की तरह एडवांस टिकट बुकिंग, सीट चयन, रूट जानकारी, और डिजिटल टिकटिंग जैसी आधुनिक सेवाएं प्रदान की जायेंगी। 
वहीं केनरा बैंक के अधिकारियों ने बताया कि ई-टिकटिंग में कैश, क्रेडिट या डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, मेट्रो कार्ड या ऑटोमेटिक क्यूआर कोड जैसे कई विकल्पों के जरिये भुगतान किया जा सकेगा। फिलहाल BSRTC यात्रियों की सुविधा के लिए अपनी खुद की एक मोबाइल एप लॉन्च करेगी। जिसका वर्ल्डलाइन पोर्टल भी जल्द चालू कर दिया जायेगा।