बिहार
बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें 13 जिलों के लिए येलो और 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने प्रभावित इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, हल्की से मध्यम बारिश और कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा और गया में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर वज्रपात की भी संभावना है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने के साथ दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। 
पिछले 24 घंटे का मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान पटना के कुछ हिस्सों सहित जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय और खगड़िया समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि बादल छाए रहने के बावजूद उमस भरी गर्मी से लोगों को खास राहत नहीं मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
धीरे-धीरे बढ़ेगा बारिश का दायरा
पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में बारिश का दायरा उत्तर और पूर्वी बिहार की ओर बढ़ेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। राजधानी पटना में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मॉनसूनी ट्रफ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली पूर्वी हवाओं के प्रवेश से राज्य में बादल बनने की प्रक्रिया तेज हुई है। इसी वजह से कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में अच्छी वर्षा की संभावना जताई गई है।