Bihar Weather:
बिहार में बारिश का दौर लगातार जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने आज राज्य के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने के भी आसार है। खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर समेत अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, राज्य के बाकी जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर उमस भरी गर्मी का असर भी देखने को मिलेगा, वहीं शाम तक कई इलाकों में बारिश होने की भी संभावना है।

मंगलवार को ऐसा रहा मौसम
मंगलवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि, शाम होते ही मौसम ने करवट ली और पटना के कई इलाकों में करीब 10 मिनट तक तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली। पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।