द फॉलोअप डेस्क
पटना स्थित बिहार से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए गए ई-डिटेक्शन सिस्टम के तहत हर माह औसतन 6 करोड़ रुपये का चालान काटने की जानकारी सामने आई है। टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र के अपडेट नहीं रहने पर आटोमैटिक ई-चालान काटा जा रहा है। वहीं, परिवहन विभाग का कहना है कि अभी तक राज्य के 32 टोल-प्लाजा ई-डिटेक्शन से लैस थे। जल्द ही 9 और टोल प्लाजा को ई-डिटेक्शन से लैस किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग द्वारा राज्य में अगस्त 2024 में टोल-प्लाजा पर ई-डिटेक्शन सिस्टम से चालान काटे जाने की प्रक्रिया की शुरुआत किया गया था।

आंकड़ों के मुताबिक टोल प्लाजा पर सितंबर, 2025 तक 1 लाख 49 हजार 490 चालान जारी किए गए है, जिसके अंतर्गत करीब 80 करोड़ रुपये का जुर्माना वाहन मालिकों पर लगाया गया है। इसमें करीब एक-चौथाई चालान ही जमा हो पाया है। परिवहन विभाग ने चालान नहीं जमा करने वाले वाहन चालकों को चिह्नित कर कार्रवाई का निर्देश सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को भेज दिया है।
.jpeg)
यह प्रणाली राष्ट्रीय स्तर पर संचालित NIC तकनीकी सहयोग से जुड़ी है, जो वाहन पंजीकरण एवं संबंधित दस्तावेजों के केंद्रीय डाटाबेस से एकीकृत है। जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा से गुजरता है, कैमरों द्वारा उसका नंबर प्लेट या फास्टैग स्कैन किया जाता है। इसके बाद संबंधित डाटाबेस से मिलान कर यह सत्यापित किया जाता है कि वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध हैं या नहीं। दस्तावेज सही नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत स्वचालित रूप से ई-चालान काटा जाता है।