logo

पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग; 3 युवकों को लगी गोली

firing_crime.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना से फायरिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां के दीदारगंज थाना क्षेत्र के ज्ञानचक और जीवनचक्के के बीच एक गांव में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में मारपीट के बाद गोलीबारी की गई। इस घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 
सभी घायलों की पहचान अंकित कुमार, विकास कुमार और साहिल कुमार के रूप में की गई है। विकास और साहिल के पैर में गोली लगी, वहीं अंकित के सीने में गोली लगने से उसकी हालत ज्यादा गंभीर है। सभी घायलों को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, प्राथमिक इलाज के बाद विकास और साहिल को PMCH और अंकित को AIIMS पटना रेफर कर दिया गया।
वहीं फतुहा के एसडीपीओ अवधेश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि सूचना मिलते ही दीदारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुट गई। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किये गए हैं, जो फायरिंग की पुष्टि करते हैं। पुलिस ने दो लोगों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि, यह पुरानी रंजिश का मामला है। कुछ दिनों पहले दोनों गुटों में कहासुनी हुई थी, जो बुधवार को मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गई। पीड़ितों का कहना है कि थाने से लौटने के दौरान करीब 50 लोगों ने उनपर घेरकर हमला किया।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। गोलीबारी में इस्तेमाल हथियारों के लाइसेंसी या अवैध होने की जांच हो रही है। घायलों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update bihar election bihar politics news bihar vidhansabha election news bihar police news bihar crime news crime news firing news