द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नालंदा में रविवार की सुबह नेशनल हाईवे-30 पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दरअसल हरनौत थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के पास नेशनल हाईवे-30 पर एक तेज रफ्तार बोलेरो ने दूध पहुंचाकर साइकिल से घर लौट रहे व्यक्ति को कुचल दिया। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। मृत व्यक्ति की पहचान 68 वर्षीय रामचंद्र महतो के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बोलेरो हरनौत की ओर से तेज गति में आ रही थी और चौराहे पर साइकिल सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। लोगों ने बताया कि चौराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण आय दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर NH-30 जाम कर दिया और मुआवजे व स्पीड ब्रेकर की मांग करने लगे, जिससे यातायात काफी समय तक बाधित रहा।
हरनौत थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अमरदीप कुमार अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बोलेरो चालक को अपनी गिरफ्त में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया और ग्रामीणों को समझा बूझाकर जाम हटाने की कोशिश की।