द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पटना के लोगों को बड़ी सौगात दी है। नीतीश कुमार ने आज पटना में बने पहले डबल डेकर पुल का उद्घाटन कर उसे जनता को सौंप दिया है। इस डबल डेकर पुल का निर्माण अशोक राजपथ पर हुआ है। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्री और बड़े अधिकारी मौजूद थे।
दरअसल, उस इलाके के रहने वाले लोगों को अब बड़ी समस्या से निजात मिल गई है। चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार ने यहां बने डबल डेकर पुल के जनता को समर्पित कर दिया। यह बिहार का पहला डबल डेकर पुल है, जिस पर गाड़ियां भी चलेगी और साथ-साथ मेट्रो का भी परिचालन होगा। अशोक राजपथ के इलाके में लोगों को जो जाम की समस्याओं से परेशानी होती थी, इसके बनने से वह लगभग खत्म हो गयी है।
इस डबल डेकर फ्लाईओवर में ग्राउंड लेवल पर 5.50 मीटर चौड़ी दो समानांतर सर्विस लेन बनाकर लोगों के लिए यातायात को सुगम बनाया गया है। पहली मंजिल से कृष्णा घाट से बीएन कॉलेज तक आवागमन की सुविधा दी गई है। और दूसरी मंजिल से कारगिल चौक से NIT की दिशा में ट्रैफिक को कंट्रोल किया गया है। परियोजना का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा 422 करोड़ रुपए से भी अधिक की लागत से तैयार किया गया है। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4 सितंबर 2021 को की थी। निर्धारित 36 माह की समय सीमा के मुकाबले यह फ्लाईओवर 8 महीने की देरी से, यानी 44 महीनों में पूरा किया गया है। फ्लाईओवर के चालू होने के बाद अब राज्य के किसी भी हिस्से से PMCH तक पहुंचने के चार विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।