पटना
राज्य के सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक पढ़ने वाले बच्चों को अब बरसात के दिनों में मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) में बैंगन, भिंडी, पत्ता गोभी और साग नहीं परोसे जाएंगे। शिक्षा विभाग के मिड-डे मील निदेशालय ने इन सब्जियों के उपयोग पर रोक लगा दी है। कहा गया है कि वर्षा ऋतु में ये सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं और स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं।
इसके बदले केवल स्थानीय और ताजा हरी सब्जियों के उपयोग की बात कही गई है। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और मिड-डे मील कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों को निर्देश भेजे गए हैं कि बरसात के मौसम में भोजन की तैयारी और परोसने के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए।

खाने की गुणवत्ता जांच कर ही करें उपयोग
निदेशालय ने कहा है कि चावल, दाल, तेल, मसाला, सोयाबीन और लाल चना जैसे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के बाद ही उनका उपयोग किया जाए। डिब्बाबंद तेल और मसाले यदि प्रयोग में लिए जा रहे हों, तो उनकी एक्सपायरी तिथि ज़रूर जांच ली जाए। साथ ही स्कूलों के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि बच्चों को मिड-डे मील देने से पहले वे खुद खाना चखकर देखें, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकी जा सके।