logo

बिहार में बढ़ते अपराध पर चिराग पासवान का तीखा हमला, बोले- इस सरकार को समर्थन देना दुखद

chirag321.jpg

पटना 
बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान छिड़ गया है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा निशाना साधते हुए प्रदेश की बिगड़ती स्थिति पर गहरी चिंता जताई है।
पटना में मीडिया से बात करते हुए चिराग ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हें ऐसी सरकार का समर्थन करना पड़ रहा है, जो अपराधियों पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में हर दिन हो रही आपराधिक घटनाएं यह दर्शाती हैं कि प्रशासन की पकड़ अब कमजोर पड़ चुकी है।


गया में महिला होमगार्ड अभ्यर्थी के साथ एंबुलेंस में हुए दुष्कर्म के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए चिराग ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं पुलिस और प्रशासन की असफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द हालात पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो बिहार की जनता को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
चिराग ने कहा कि राज्य में हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुलिस ने अपराधियों के आगे घुटने टेक दिए हैं या फिर सरकार जानबूझकर इन मामलों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है?


उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इन घटनाओं को सियासी साजिश बताकर सरकार की विफलता से ध्यान भटकाना चाहते हैं, लेकिन जब जिम्मेदारी की बात आती है तो जवाबदेही सरकार और प्रशासन की ही बनती है। अंत में चिराग पासवान ने सरकार से समय रहते ठोस कदम उठाने की मांग की और कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले समय में हालात और भयावह हो सकते हैं।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi