द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज प्रगति यात्रा के दौरान बक्सर पहुंचे। यहां उन्होंने 476.02 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 73 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें 350.13 करोड़ रुपये की 41 योजनाओं का उद्घाटन और 125.89 करोड़ रुपये की 32 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड स्थित बहुग्रामी जलापूर्ति योजना का शिलान्यास किया, जिसकी लागत 202.70 करोड़ रुपये है। इस योजना के तहत 214 वार्डों के 36,760 घरों को आर्सेनिक मुक्त शुद्ध गंगा जल मिलेगा। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने इस योजना का निरीक्षण भी किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बक्सर के विभिन्न विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया, जिनमें आयुष्मान कार्ड, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत लाभार्थियों को सांकेतिक चेक वितरण और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 1 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि का चेक शामिल है। इसके अलावा सतत जीविकोपार्जन योजना से 703 परिवारों को 2.66 करोड़ रुपये और 12,743 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 129.75 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में जीविका दीदियां उत्कृष्ट काम कर रही हैं। हमने 2005 में स्वयं सहायता समूहों का विस्तार करने का निर्णय लिया और आज जीविका दीदियां आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सिमरी प्रखंड के केशवपुर ग्राम में बक्सर-कोईलवर गंगा तटबंध के सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस परियोजना के पूरे होने से बक्सर जिले की 6 लाख की आबादी को सुरक्षा मिलेगी, साथ ही बाढ़ से बचाव भी सुनिश्चित होगा।
वहीं, मुख्यमंत्री ने बक्सर गोलंबर पर प्रस्तावित बजट होटल के निर्माण का भी शिलान्यास किया, जिसकी लागत 24.56 करोड़ रुपये है। इस होटल के निर्माण से बक्सर जिले के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रामरेखा घाट के विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का शिलान्यास भी किया। इस परियोजना में 13.24 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जो बक्सर के पर्यटन को नया आयाम देगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, नगर विकास मंत्री नितिन नवीन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज कुमार सिंह और अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे।