logo

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माणाधीन राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का किया स्थल निरीक्षण, अधिकारियों को दिये दिशा-निर्देश

nnnn1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजगीर खेल परिसर में निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन राजगीर क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में 40 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इस क्रिकेट स्टेडियम में खिलाड़ियों तथा दर्शकों की मूलभूत सुविधाओं, मीडिया गैलरी के साथ ही हर प्रकार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण करने के पश्चात् राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को राजगीर में चल रहे विकास कार्यों, राजगीर को सम्पर्कता प्रदान करने वाले वैकल्पिक पथों के निर्माण तथा राजगीर क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां चल रहे विकास कार्यों एवं राजगीर को वैकल्पिक सम्पर्कता प्रदान करने वाले पथों के निर्माण कार्य में तेजी लायें ताकि यथाशीघ्र कार्य पूर्ण हो सके।

इससे पूर्व पटना से राजगीर जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने नालंदा जिला अन्तर्गत प्रस्तावित सालेपुर से राजगीर बुद्ध सर्किट फोर लेन पथ निर्माण के एलायनमेंट का सालेपुर मोड़ एवं बेलऊआ में स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित पथ के एलायनमेंट में पड़ने वाले रेलवे लाइन के ऊपर एलिवेटेड पथ बनाया जायेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस पथ का कार्यारंभ जल्द शुरू करायें। इसके बन जाने से पटना से राजगीर जाने वाले लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी, समय की भी बचत होगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने हसनपुर में निर्माणाधीन डायवर्सन का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।

Tags - bihar news bihar latest news bihar update bihar khabar bihar trending news bihar cm nitish kumar cm nitish kumar rajgir rajgir news rajgir cricket stadium