द फॉलोअप,बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज ‘नो व्हीकल डे’ मनाते हुए अपने सरकारी आवास लोकसेवक आवास से पैदल चलकर 4 कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित सचिवालय कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उनके साथ सुरक्षाकर्मी, सीएम कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी पैदल चलते हुए नजर आए।

जनता को दिया संदेश
मुख्यमंत्री के इस कदम को ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। इस मुहिम के जरिए सीएम ने जनता को एक बड़ा संदेश दिया। साथ ही लोगों से अपील की कि अगर जरूरी न हो तो गाड़ियों के इस्तेमाल से बचें और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करें। मुख्यमंत्री का यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपील के रुप में देखा जा रहा है। हालांकि इससे पहले बुधवार और गुरुवार को मुख्यमंत्री ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या में कटौती की है।

कई मंत्रियों ने काफिले की गाड़िया घटाई
कैबिनेट बैठक के दिन मुख्यमंत्री मात्र तीन गाड़ियों के काफिले के साथ अपने कार्यालय में पहुंचे। वहीं सीएम का अनुसरण करते हुए तीन मंत्री एक ही गाड़ी में बैठकर जाते दिखे थे। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा इलेक्ट्रिक कार से पहुंचे। गुरुवार को जब मुख्यमंत्री दरभंगा जाने के लिए पटना एयरपोर्ट पहुंचे, तब भी उनके साथ सिर्फ दो गाड़ियां थीं। एक उनकी निजी गाड़ी और दूसरी सुरक्षा कर्मियों की। मुख्यमंत्री की यह पहल अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है।