मोतिहारी:
बिहार के मेतिहारी से लूट का मामला सामने आया है। यहां फ्लिपकार्ट ऑफिस (Flipkart Office) में फिल्मी स्टाइल में करीब 6 लाख रुपये की लूट की गई है। हथियार से लैस अपराधियों ने मैनेजर पर बंदूक तानकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। लूट का CCTV फूटेज सामने आया है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

सारा पैसा लेकर हुए फरार
घटना रविवार की है। शाम करीब 7:40 मिनट में बाइक पर सवार अपराधी मेतिहारी के देवरहा बाबा चौक स्थित फ्लिपकार्ट के ऑफिस पहुंचे। ऑफिस के फाइनेंस मैनेजर मुकेश ने बताया कि वहां पहुंच कर उन लोगों ने मौजूद सभी कर्मियों पर हथियार तान दिया। उनमें से एक लुटेरा सभी के मोबाइल लेकर वहां पड़े सामान के बीच में डाल दिया। इसके बाद दो लुटेरे मेरी केबिन में घुसते हैं और मुझे गन प्वाइंट पर लेकर सारे पैसे देने को कहा। लैपटॉप के बैग में गल्ला में रखा सारा पैसा काउंटर पर रखा खुदरा पैसा, मुकेश के पर्स का पैसा निकला कर आराम से सभी अपराधी निकल जाते हैं। कैश लूटने के बाद सभी लुटेरे ऑफिस से बाहर निकल गए।

छानबीन में जुटी पुलिस
ऑफिस कर्मियों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना की जानकारी पाकर एसडीपीओ अरुण कुमार गुप्ता पहुंचे। उन्होंने पहले मैनेजर से घटना की जानकारी ली। फिर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। इस दौरान टेक्निकल सेल के प्रभारी मनीष कुमार को भी बुलाया गया। वैज्ञानिक तरीके से अपराधियों की पहचान कर लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।