द फॉलोअप डेस्क
बिहार साइबर पुलिस ने 15 करोड़ की ऑनलाइन धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए बेगूसराय से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली सूचना के मुताबिक यह गिरफ्तारी एक राष्ट्रव्यापी साइबर धोखाधड़ी की जांच के सिलसिले में हुई है। इसमें 15 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते का कथित तौर पर "म्यूल अकाउंट" (पैसे ट्रांसफर करने का माध्यम) के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। इस खाते के ज़रिए ऑनलाइन घोटालों और डिजिटल पेमेंट धोखाधड़ी से जुड़े पैसे का लेन-देन किया जाता था। साइबर DSP इमरान अहमद ने बताया कि जांचकर्ताओं को इस खाते से जुड़े 15,25,35,307 रुपये के संदिग्ध लेन-देन मिले हैं। इसकी जांच की जा रही है।

क्या बताया पुलिस ने
पुलिस ने बताया कि इस खाते को 'नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल' (NCRP) के ज़रिए दर्ज की गई कई साइबर अपराध की शिकायतों में संदिग्ध के तौर पर चिह्नित किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अलग-अलग राज्यों से मिली कम से कम 205 शिकायतें इस खाते से जुड़ी हुई थीं। इन शिकायतों में ऑनलाइन धोखाधड़ी, नकली निवेश योजनाओं, डिजिटल पेमेंट घोटालों और अन्य वित्तीय अपराधों के आरोप शामिल हैं।

कई दिनों से थी आरोपी की तलाश
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है। वह बेगूसराय ज़िले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरौनी फुलवरिया, वार्ड नंबर 2 का रहने वाला है और सुरेश महतो का बेटा है। पुलिस ने बताया कि साइबर सेल और ज़िला पुलिस की एक संयुक्त टीम पिछले कई दिनों से इस आरोपी की तलाश कर रही थी और उसने कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी की थी।
