logo

दरभंगा में फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, वर्दी पहनकर 3 महीनों से कर रहा था अवैध वसूली

bihar15.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दरभंगा जिले से पुलिस ने एक ऐसे फर्जी युवक को गिरफ्तार किया है, जो पिछले तीन-चार महीनों से असली पुलिस की वर्दी पहनकर पूरे शहर में वाहन चेकिंग के नाम पर सरेआम अवैध वसूली कर रहा था। आरोपी की हरकतों से परेशान लोगों को तब राहत मिली, जब बेंता थाना पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठग रहा है। जिसके बाद टीम ने कई हफ्तों तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। और शनिवार को थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पूरी टीम ने बेंता चौक पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के कुवाढ गांव निवासी अजय कुमार यादव के पुत्र ऋषि कुमार यादव के रूप में की गई है। वहीं तलाशी में उसके पास से पूरी पुलिस वर्दी, नकली आईडी कार्ड, मोबाइल फोन और पुलिस का डंडा बरामद हुआ है।
वहीं पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो युवक ने बताया कि उसने पहले सिपाही भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन असफल रहा। उसके बाद बाजार से पुलिस की वर्दी खरीदी और वह खुद को दरभंगा में तैनात पुलिसकर्मी बताकर शहर के अलग-अलग इलाकों में वाहन रोककर पैसे वसूलने लगा।
पूछताछ में मालूम हुआ कि ऋषि ने अपने परिवार को विश्वास दिलाया था कि वह पुलिस में भर्ती हो गया है और दरभंगा में ड्यूटी कर रहा है। और वह ये सारे नाटक अच्छी शादी और मोटा दहेज पाने के लिए कर रहा था। फिलहाल ऋषि के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और सरकारी वर्दी के दुरुपयोग का मुकदमा दर्ज कर को लहरियासराय थाने में रखा गया है। और आगे की पूछताछ जारी है। 
 

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update darbhanga news darbhanga khabar darbhanga update fraud news