logo

बिहार विधानसभा चुनाव : पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पर आचार संहिता उल्लंघन मामले में FIR दर्ज

jyoti3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब मतगणना की तैयारी भी जोर-शोर से चल रही है। इसी बीच भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी और काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार ज्योति सिंह नई परिशानी में फंस गई हैं। उनके खिलाफ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस की यह कार्रवाई बिक्रमगंज के अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी प्रभात कुमार की लिखित शिकायत पर की गई है। ज्योति सिंह के अलावे उनके माता-पिता, भाई, बहन सहित कुल 18 लोगों के खिलाफ यह केस दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल दूसरे चरण के मतदान की रात यानि 11 नवंबर की रात करीब 12 बजकर 25 मिनट पर डेहरी रोड स्थित विंध्यवासिनी होटल की प्रशासनिक टीम ने जांच की थी। इस दौरान उन्होंने पाया कि ज्योति सिंह के साथ चुनाव प्रचार में शामिल कुछ बाहरी लोग होटल में रुके हुए थे। जबकि चुनाव प्रचार 9 नवंबर को ही थम चुका था। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जांच के दौरान ज्योति सिंह द्वारा अधिकारियों के काम में सहयोग न कर जांच में बाधा डालने का प्रयास किया गया। इस दौरान ज्योति सिंह और एसडीएम के बीच खूब बहस हुई थी।
ज्योति सिंह ने भी लगाये आरोप
वहीं छापेमारी के बाद ज्योति सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान करने की साजिश की जा रही है। ज्योति सिंह ने जांच टीम पर यह भी आरोप लगाया कि बिना महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में होटल में छापेमारी की गई और जबरन महिलाओं के कमरे में घुसा गया। इस दौरान उन्हें और उनके समर्थकों को 4 घंटे तक परेशान किया गया।

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar update bihar election bihar politics news bihar vidhansabha election news bihar police news election commission news jyoti singh news jyoti singh khabar rohtas news rohtas khabar