logo

पहले लव मैरिज फिर गैरमर्द से संबंध, महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति का कत्ल कर आंगन में दफनाया

love_marriage.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के भोजपुर जिले से एक खौफनाक हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने पहले लव मैरिज शादी की फिर अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या कर पति के शव पर नमक डालकर घर के आंगन में दफना दिया। किसी को पता न चले इसलिए उसने उस जगह पर फूल के पौधे उगा दिए। मृतक का नाम मिथुन गिरी है। मृतक के पिता की शिकायत पर जब पुलिस छानबीन करने पहुंची तो पूरा मामला खुला। पुलिस आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।


14 अक्टूबर को ससुराल गया था मृतक
घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के तार गांव के रहने वाले कमलेश गिरी का बेटा मिथुन गिरी है। कमलेश ने बताया कि उसका बेटा हरियाणा में ट्रक चलाया करता था। इस दौरान उसकी मुलाकात नेहा नाम की लड़की से हुई। नेहा भोजपुर के तरारी थाना क्षेत्र के इटमहा की रहने वाली थी। दोनों में बातचीत शुरू हुई, फिर प्यार हो गया। दोनों से सहमति के बाद हिंदू रीति रिवाज से उनकी शादी करवा दी गई। सब सही चल रहा था। एक दिन बहू अपने मायके गई। इसके बाद 14 अक्टूबर को मेरा बेटा भी गया। 16 को उससे आखिरी बार बात हुई। उसके बाद से फोन करने पर उसका साला फोन उठाता और कहता अभी बाहर है,घर जाकर बात करवा देते हैं। फिर बेटे का मोबाइल बंद आने लगा। मुझे कुछ ठीक नहीं लगा रहा था तब मैने पुलिस को शिकायत की और तुरंत पुलिस के साथ इटमहा पहुंच गया। 


शव को आंगन में किया दफन 
बेटे के ससुराल पहुंचने के बाद हमने खोजबीन की लेकिन बेटे का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने आंगन में गड्ढा किया तो बेटा का शव मिला। कमलेश ने कहा कि मुझे बाद में पता चला बहू का गांव के एक झोला छाप डॉक्टर से अवैध संबंध था। बहू ने उसके साथ मिलकर फांसी लगाकर मेरे बेटे की हत्या कर दी और शव को आंगन में दफन कर दिया। फिर साक्ष्य छुपाने के लिए वहां पौधा लगा दिया। 


छानबीन में जुटी पुलिस
मामले को लेकर पिरो डीएसपी राहुल सिंह ने कहा कि हमें हत्या की सूचना मिली थी। हम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हमने आंगन में दबे शव को निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि हत्या का आरोप पत्नी और गांव के डॉक्टर बब्लू पासवान पर लगाया गया है। वहीं मृतक की पत्नी का कहना है कि उसने खुद फांसी लगाकर जान दे दी। हमने केवल शव को दफनाया है। मामला संदेहास्पद है। पुलिस छानबीन में जुट गई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N