द फॉलोअप डेस्क
पटना से बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दानापुर के दियारा इलाके के अकिलपुर थाना क्षेत्र में इंदिरा आवास योजना से बना एक पुराना मकान अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। जिससे मलबे ने सोते हुए पूरे परिवार को अपने चपेट में ले लिया और देखते-देखते पांच लोगों की मौत हो गई। घटना थाना क्षेत्र के मानस नयापानापुर 42 पट्टी गांव में हुई है। 
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में 32 वर्षीय बबलू खान, उनकी पत्नी 30 वर्षीय रौशन खातून, 12 साल की बेटी रुकसार, 10 साल का बेटा मोहम्मद चांद और सबसे छोटी दो साल की चांदनी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि रात का खाना खाकर परिवार हर रोज की तरह सोये थे, तभी जोरदार धमाके के साथ छत गिरी और चंद सेकेंड में सब मलबे में दब गए।.jpeg)
मकान के गिरते ही आसपास के लोग दौड़े और तुरंत हाथों से मलबा हटाना शुरू कर दिया। वहीं किसी ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद मौके पर पहुंची अकिलपुर पुलिस ने भी बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन जब तक मलबे से शव बाहर निकाले गए, सभी ने दम तोड़ दिया था। हालांकि सभी को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लोग ने कहा हैं कि इंदिरा आवास का यह मकान दस-बारह साल पुराना हो चुका था। लगातार बारिश से दीवारें कमजोर हो गई थीं। वहीं छत में दरारें भी आ गई थीं, लेकिन गरीबी के कारण मरम्मत नहीं करा पा रहे थे। मृतक बबलू खान मजदूरी करके किसी तरह परिवार चला रहे थे।.jpg)
वहीं मामले को लेकर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मुआवजे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। और दियारा क्षेत्र में ऐसे जर्जर मकानों का सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी कोई घटना फिर न हो।