logo

कैंसर से पीड़ित पूर्व मुखिया ने पत्नी को मारी गोली, फिर खुद भी कर ली आत्महत्या 

GUNSHOT.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
बिहार के बगहा जिले के रायबारी महुअवा पंचायत में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के पूर्व मुखिया अरविंद कुमार श्रीवास्तव (65) ने अपनी पत्नी आशा देवी (60) को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई है।

इस दुखद घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन मामले की जानकारी किसी तरह पुलिस तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक मुखिया के बेटे और एक अन्य परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में बताया गया कि यह घटना घर के एक बंद कमरे में हुई, जहां पहले पत्नी को गोली मारी गई और फिर अरविंद श्रीवास्तव ने खुद को गोली मार ली।

पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान एक संदूक से 2 हथियार और एक सुसाइड नोट बरामद किया है। अब जांच की जा रही है कि ये हथियार लाइसेंसी थे या नहीं। वहीं, सुसाइड नोट को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों के मुताबिक, पूर्व मुखिया अरविंद कुमार लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। साथ ही, उनका करीब 350 बीघा खेत नदी में समा गया था, जिससे आर्थिक हालत भी बिगड़ गई थी। माना जा रहा है कि इन्हीं कारणों से उन्होंने यह कदम उठाया।

अरविंद कुमार श्रीवास्तव वर्ष 2001 से 2005 तक पंचायत के मुखिया रहे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई सामाजिक और विकास योजनाएं शुरू की थीं। उन्हें उनके कामों के लिए 2 बार सम्मान पत्र भी मिल चुका था। "मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी तथ्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।"

Tags - Bihar News Bihar Hindi News Bihar Latest News Bihar Crime News