logo

बिहार में ठनका गिरने से 4 की मौत, कई झुलसे; अस्पताल में मचा हड़कंप

light000.jpg

जहानाबाद

शनिवार देर रात तेज बारिश के बीच जहानाबाद जिले के विभिन्न इलाकों में ठनका गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग झुलस गए। हादसे में उत्तर पट्टी गांव के दो और बीघा गांव के एक व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई। बीघा गांव में ही नौ लोग झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
नगर थाना क्षेत्र के लालसे बीघा गांव में भी ठनका गिरने से एक व्यक्ति की मौत और एक अन्य के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। वहीं घोसी मोड़ के पास आसमान से गिरी बिजली की चपेट में आने से तीन लोग जख्मी हुए। सभी घायलों को जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।


मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की खबर पाकर जहानाबाद के विधायक सुदय यादव भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों और घायलों के परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि “इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद सदर अस्पताल में सिर्फ एक डॉक्टर मौजूद है, जो गंभीर स्थिति का प्रमाण है।” एक साथ कई घायल पहुंचने से अस्पताल परिसर अफरा-तफरी में बदल गया। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update