गया
बिहार के गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में चार वियतनामी नागरिकों को एक अन्य वियतनामी युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई इलाके में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वान सांग, वन कांन सन्ह, तृण थान ह्यू और वान त्वां हुंनह के रूप में हुई है। सभी वियतनाम के विभिन्न हिस्सों से आए थे और हाल के महीनों में बोधगया में रह रहे थे।

इस मामले में वादी ले अन्ह तूआन ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें चारों आरोपियों पर गंभीर मारपीट और हत्या की कोशिश का आरोप लगाया गया। जानकारी के मुताबिक, हाल के समय में बोधगया में वियतनाम से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों का आना शुरू हुआ है। इनमें कई यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर भी हैं। इसी समुदाय के भीतर आपसी रंजिश और झगड़ों की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, जिससे स्थानीय शांति व्यवस्था पर असर पड़ रहा था।
सिटी एसपी रामानन्द कुमार के अनुसार, इसी तरह के एक विवाद में एक वियतनामी नागरिक गंभीर रूप से घायल हुआ। उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और बोधगया में रह रहे विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
