द फॉलोअप डेस्क
बिहार के लखीसराय से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आयी है। यहां बेटी के अवैध संबंध से नाराज पिता ने पहले उसके प्रेमी की हत्या की। फिर उसका शव नहर में गाड़ दिया। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की। घटना लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के बेला गांव की है। फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने लड़की के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
प्रेमिका के परिजनों ने की प्रेमी की हत्या
घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक 18 वर्षीय संदीप कुमार बेला गांव निवासी अरविंद कुमार का पुत्र था। उसका गांव की ही एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन जब इस बात की जानकारी लड़की के परिजनों को मिली, तो उन्होंने युवती को समझाने की कोशिश की। मगर जब इसका भी कोई असर नहीं हुआ तो, लड़की के परिजनों ने युवक की हत्या कर दी। फिर उसका शव गांव के पास से ही गुजरने वाली नहर में गाड़ दिया।
मृतक के पिता ने थाना में दिया आवेदन
मिली जानकारी के अनुसार, युवक के लापता होने पर उसके पिता अरविंद कुमार ने हलसी थाना में 26 जनवरी को आवेदन देकर संदीप के लापता होने की जानकारी दी। आवेदन में बताया गया था कि युवक 25 जनवरी से लापता है। इस मामले में पुलिस ने 27 जनवरी को केस दर्ज किया और मामले की जांच का जिम्मा रंजीत रंजन को सौंपा। इसी बीच जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मामला प्रेम-प्रसंग का है। इस पर पुलिस ने संदीप की प्रेमिका के पिता धर्मराज, जो बेला गांव के ही रहने वाले हैं, उन्हें हिरासत में लिया।
आरोपी ने स्वीकार किया जुर्म
पुलिस ने धर्मराज से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। फिर, आरोपी की निशानदेही पर ही पुलिस ने मंगलवार को गांव के पास से गुजरने वाली नहर से युवक का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
SDPO ने की मामले की पुष्टि
इस घटना की पुष्टि SDPO शिवम कुमार ने की। पुलिस ने बताया कि लापता युवक का शव आरोपी की निशानदेही पर नहर से बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा आरोपी प्रेमिका के पिता को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने जानकारी दी कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही पुलिस मामले की जांच पूरी कर लेगी।
