पटना:
बिहार बीजेपी के पूर्व विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल को फोन कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। मामले को लेकर उन्होंने पटना के पाटलिपुत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पूर्व विधायक के मुताबिक, बीती रात उन्हें दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आया। उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी।

कई बार मिस्ड कॉल भी आई थी
हरिभूषण ठाकुर बचौल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार रात अपने आवास पर थे, तभी करीब 8:46 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल रिसीव करने के बाद उन्हें अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी गई। उन्होंने बताया कि संबंधित नंबर से कई बार मिस्ड कॉल भी आई थी। कॉलर आइडेंटिफिकेशन ऐप पर एक नंबर मोहम्मद इनामुल के नाम से दिख रहा था, जिसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी है।

कॉल करने वाले की पहचान करने में जुटी पुलिस
शिकायत के आधार पर पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। हरिभूषण ठाकुर बचौल मधुबनी की बिस्फी विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।