logo

महाकुंभ में डुबकी लगाई और पहुंच गये चोरी करने, उड़ाये 1.25 करोड़, उधार चुकता किया, बाइक खरीदी अब हैं पुलिस की गिरफ्त में

kishanganj1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार के किशनगंज में पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 25 लाख रुपए के सोने, चांदी और डायमंड के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार शातिर चोर बप्पी सिंह ने पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर स्थित अपने घर के पीछे मिट्टी के अंदर जेवरात छुपाकर रखे थे।
बता दें कि 25 जनवरी की रात एनएच 27 के समीप रेलवे संवेदक आरएन चौधरी के बंद घर में चोरी हुई थी। इस घटना में करीब सवा करोड़ रुपए मूल्य का सोना और 20 लाख रुपए नगदी चोरी हो गए थे। चोरी की शिकायत आरएन चौधरी के मैनेजर अंकित कुमार साह ने सदर पुलिस को दी थी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की जांच की थी।
इस मामले के उद्भेदन के लिए किशनगंज पुलिस ने एसआईटी का गठन किया और पश्चिम बंगाल से तीन शातिर चोर – बप्पी सिंह, अमित और वाल्मीकि – को गिरफ्तार किया। इन चोरों से पूछताछ के बाद पुलिस ने महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की और मामले में आगे की कार्रवाई की।
किशनगंज एसपी सागर कुमार ने बताया कि 1 फरवरी को चोरी की घटना का खुलासा किया गया था और दो शातिर चोरों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उस समय 1 लाख 28 हजार रुपए, 35 ग्राम सोना, 2 किलो 400 ग्राम चांदी, 4 मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की थी।
बप्पी सिंह, जो इस्लामपुर का रहने वाला है, अपने घर के पीछे मिट्टी के नीचे गड्ढा खोदकर चोरी किए गए जेवरात को केन में छिपाकर रखता था। पुलिस की टीम ने आरोपी के घर से 4 किलो 367 ग्राम चांदी, 186.43 ग्राम सोना और 66.5 ग्राम डायमंड का नेकलेस बरामद किया।
बप्पी सिंह पहले भी सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर जैसे कई स्थानों पर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। वह जलपाईगुड़ी जेल में 3 साल तक रह चुका है और तस्करी में भी शामिल था।
आरोपी अमित ने चोरी के पैसे से 31 जनवरी को नई बाइक खरीदी थी और अपनी उधारी चुकता की थी, साथ ही एक लाख रुपए अपनी पत्नी को घर चलाने के लिए दिए थे। पुलिस की इस कार्रवाई ने चोरी की इस पूरी घटना का पर्दाफाश कर दिया है।


 

Tags - Kishanganjbiharnewsbiharpostchorijwellarycrimenewscrimepost