द फॉलोअप डेस्क
बिहार में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। बढ़ती गर्मी के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। तेज पछुआ हवाओं और बढ़ते तापमान के कारण लू जैसी स्थिति बन रही है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल बना रही हैं। पिछले दो दिनों से तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना है। दो दिनों के स्थिर तापमान के बाद अधिकतम तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने का अनुमान है। खासकर दोपहर के समय पछुआ हवाओं की रफ्तार तेज हो जाएगी, जिससे लू का अहसास होगा। चिलचिलाती धूप भी लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क रहेगा। अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान पछुआ हवाओं का बहाव भी जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि आंतरिक ओडिशा से लेकर कोमोरिन क्षेत्र तक एक दोणिका बनी हुई है, जो दक्षिण छत्तीसगढ़, आंतरिक महाराष्ट्र और आंतरिक कर्नाटका होते हुए उत्तर आंतरिक तमिलनाडु तक फैली हुई है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है, जिसके प्रभाव से गर्मी में वृद्धि होने की संभावना है। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में बिहार में गर्मी और बढ़ सकती है, जिससे लोगों को और अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।