logo

कच्चे तेल की महंगाई का असर, बिहार में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम 

P3.jpg

बिहार/डेस्क

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर अब आम लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगा है। मंगलवार सुबह सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। लगातार दूसरी बार हुई इस वृद्धि ने महंगाई को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले शुक्रवार को भी तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम में लगभग 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।

लगातार बढ़ रहे ईंधन के दाम का असर अब परिवहन खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों पर भी पड़ने लगा है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ने की आशंका है, जिसका असर सब्जियों, खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों पर भी दिख सकता है। वाहन चालकों, छोटे कारोबारियों, किसानों और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों ने बढ़ती महंगाई पर चिंता जताई है।


कीमत बढ़ने के बाद पटना में पेट्रोल ​​109.57 रुपये प्रति लीटर 
राजधानी पटना में पेट्रोल की कीमत अब 109.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है। पहले यह 108.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था। वहीं डीजल का दाम 94.65 रुपये से बढ़कर 95.55 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। पेट्रोल पंपों पर लोग बढ़ी हुई कीमतों को लेकर नाराज नजर आए। कई लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से घर का बजट बिगड़ रहा है।

बढ़ते कीमत से आम नागरिक की बढ़ रही परेशानी 
तेल की कीमत बढ़ने का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता। डीजल महंगा होने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ जाता है, जिसका असर बाजार में सब्जी, फल, अनाज और रोजमर्रा के सामानों की कीमतों पर पड़ सकता है। कृषि क्षेत्र में भी डीजल की बड़ी भूमिका होती है इसलिए किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस बीच जमुई जिले के कुछ पेट्रोल पंपों पर अलग स्थिति देखने को मिल रही है। यहां कई पंपों पर ग्राहकों को सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया जा रहा है। 

कुछ जगहों पर सिर्फ 200 रुपये तक का पेट्रोल देने की बात सामने आई है। इससे लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर तेल की सप्लाई और कीमतों की यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
 

Tags - #PetrolPriceHike#DieselPriceHike#BiharNews#Patna#FuelPrice#CrudeOil#Inflation#Jamui#PetrolDiesel#BreakingNews