logo

बिहार के इन बाहुबलियों के सम्मान में, उनकी पत्नियां मैदान में; देख लीजिए लिस्ट

bahubali_ki_patni.jpg

द फॉलोअप डेस्क,बिहार
बिहार की राजनीति में शुरू से बाहुबली का दबदबा देखने को मिला है। आगामी लोकसभा चुनाव में भी कुछ खास बदलाव देखने को नहीं मिला है। बदलाव है तो बस इतना ही कि इस बार मैदान में बाहुबलियों की जगह उनकी पत्नियां होंगी। लोकसभा चुनाव में कई बाहुबलियों की पत्नी को टिकट देकर मैदान में उतारा गया है। फिर चाहें टिकट JDU से मिला हो या RJD ने उनपर दांव खेला हो। गौरतलब है कि इस बार 4 बाहुबलियों की पत्नी चुनावी मैदान में होंगी। तो आइये इन चारों के बारे में विस्तार से जानते हैं। 


लवली आनंद
लवली आनंद बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लवली आनंद को शिवहर से टिकट देकर मैदान में उतारा है। लवली आनंद ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सत्येन्द्र नारायण सिन्हा की पत्नी किशोरी सिन्हा को हराया था। साल 1994 उत्तर बिहार के वैशाली निर्वाचन क्षेत्र में लोकसभा उपचुनाव जीत था। उन्होंने साल 1996 का चुनाव नहीं लड़ा और 1999 का चुनाव दोबारा जीतने में असफल रहीं। बता दें कि लवली आनंद के पति आनंद मोहन की रिहाई पिछले साल अप्रैल महीने में हुई थी। नीतीश सरकार ने जेल नियमावली में बदलाव किए थे जिसके बाद उनकी रिहाई संभव हो पाई थी। आनंद मोहन खुद 1996 और 1998 में शिवहर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे।


बीमा भारती
बीमा भारती कुख्यात अपराधी अवधेश मंडल की पत्नी हैं। उन्हें RJD ने पूर्णिया लोकसभा से अपना प्रत्याशी बनाया है। बीमा भारती पूर्णिया लोकसभा के अंतर्गत रुपौली विधानसभा से पांच बार विधायक रह चुकी हैं। जिसमें एक बार निर्दलीय, एक बार राजद से तो तीन बार जदयू की विधायक रह चुकी हैं। साथ ही वह कैबिनेट की मंत्री भी रह चुकी हैं। पिछले दिनों उन्होंने विधायक रहते हुए जनता दल यूनाइटेड से इस्तीफा दिया और राजद में शामिल हो गईं। 


विजयलक्ष्मी देवी
विजयलक्ष्मी देवी बाहुबली रमेश सिंह कुशवाहा की पत्नी हैं। इस बार JDU ने सिवान से लोकसभा चुनाव के लिए उन्हें मैदान में उतारा है। विजयलक्ष्मी देवी के पति रमेश सिंह ने साल 1991,96 और 98 में माले के टिकट से चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद साल 2015 में उनपर नीतीश ने विश्वास जताते हुए उन्हें टिकट दिया था। उस वक्त रमेश कुशवाहा ने जीत का स्वाद चखा और विधायक बनें। बता दें कि रमेश कुशवाहा की सिवान में कुशवाहा वोट बैंक पर अच्छी पकड़ मानी जाती है। आमतौर पर यहां का वोट उन्हें ही जाता है। इसलिए नीतीश ने रमेश की पत्नी पर दांव खेला है।


अनीता कुमार 
अनीता कुमार कुख्यात अपराधी अशोक महतो की पत्नी हैं। उन्हें मुंगेर लोकसभा क्षेत्र से राजद ने मैदान में उतारा है। बता दें कि 20 मार्च 2024 को अनीता की शादी अशोक महतो से हुई है। अशोक महतो पर कई गंभीर केस चल रहे हैं। 17 साल जेल काटने के बाद साल 2023 में उन्हें रिहाई मिली। बता दें कि 2001 के नवादा जेल ब्रेक कांड में अशोक महतो 17 सालों से जेल में बंद था। गौरतलब है कि अशोक महतो मुंगेर से चुनाव लड़ना चाहते थे, क्योंकि उन पर कोर्ट में अभी कई गंभीर मामलों की सुनवाई चल रही है। इसलिए आनन-फानन में उनकी शादी कराई गई। ताकि वे पत्नी को चुनाव मैदान में उतार सकें।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - BiharBihar newsloksabha election