logo

रांची में कल रविवार को होगा कांग्रेस का मंईयां सम्मेलन का आयोजन, ये संगठन होंगे शामिल

NEWS217.jpg

रांची
पूर्व मंत्री एवं झारखण्ड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य बंधु तिर्की ने कहा है कि कल रविवार 22 सितम्बर को राजधानी रांची में आयोजित होनेवाले मंईयां सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के आयोजन से ना केवल झारखण्ड की इंडिया गठबंधन सरकार द्वारा झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना बल्कि झारखण्ड में ज़मीनी स्तर पर सफलतापूर्वक कार्यान्वित की जा रही अन्य लाभकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं को भी मजबूती मिलेगी।  तिर्की ने कहा कि मुख्य रूप से महिलायें और युवतियाँ इस सम्मेलन के आयोजन के प्रति बहुत अधिक उत्साहित हैं और इससे आम लोगों विशेषकर, महिलाओं में सशक्तिकरण की भावना का भी संचार होगा।



तिर्की ने कहा कि राजधानी के बजरा खक्सी टोला के जतरा मैदान में रविवार 22 सितम्बर को 11 बजे से आयोजित मंईयां सम्मेलन में झारखण्ड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी का सम्मान किया जायेगा और इसमें विशेष रूप से राज्य की 15 विधानसभा क्षेत्रों की महिलाओं-युवतियों सहित आम लोगों को सरकार की उस भावना से परिचित कराने का प्रयास है जिसके प्रति समर्पित होकर सरकार जन कल्याण की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में राजधानी रांची के साथ ही मांडर, हटिया, काँके, रांची, खिजड़ी, कोडरमा, सिमडेगा, कोलेबिरा, मनिका, लातेहार, बिशुनपुर, सिसई, गुमला, तोरपा एवं खूंटी विधानसभा क्षेत्र की 15 हज़ार से अधिक महिलाओं एवं युवतियों की सहभागिता होगी। इनमें से अनेक महिलायें एवं युवतियाँ वैसी हैं जो इस योजना से सीधे तौर पर लाभान्वित हुई हैं।  

सम्मेलन में कांग्रेस की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के राजू, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष नेटा डिसूजा, झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वित्त मंत्री एवं विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता रामेश्वर उरांव, मंत्री इरफ़ान अंसारी, दीपिका पाण्डेय सिंह और बन्ना गुप्ता मुख्य रूप से भाग लेंगे। इसके साथ ही झारखण्ड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह, झारखण्ड कांग्रेस के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के अध्यक्ष अभिलाष साहु, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष केदार पासवान, आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष जेसई मार्डी, अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष मंजूर अंसारी के साथ ही प्रदेश के अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता होगी।


 

Tags - Mainiya  conference Ranchi Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand latest News News