logo

पति ने सब्जी के लिए खेला खूनी खेल, धारदार हथियार से काटकर की पत्नी की हत्या

murder_knife.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के किशनगंज से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां एक मामूली से विवाद में पति ने धारदार हथियार से पत्नी को काट डाला। घटना जिले के गंधर्वडांगा थाना क्षेत्र के बेंतबारी गांव में शुक्रवार सुबह हुई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय रूबी बेगम के रूप में की गई है। वहीं, मामले में आरोपी पति अब्दुस सकुर वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मृतका के देवर ने देखा शव
बताया जा रहा है महिला की हत्या का आरोपी पति पेशे से टोटो चालक है। वहीं, हादसे की जानकारी लोगों को तब हुई, जब मृतका का देवर आंगन में आया। उसने देखा कि मृतका का शव खून से लथपथ हालत में आंगन में पड़ा हुआ है। इस पर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे। फिर, मामले की जानकारी गांव के सरपंच और गंधर्वडांगा थाना कि पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस 
वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और SDPO 2 ठाकुरगंज मौके पर पहुंचे। इसके बाद SDPO मंगलेश कुमार ने मृतका का शव कब्जे में लिया। फिर घटनास्थल को सील कर दिया, ताकि FSL टीम उसकी जांच कर सके। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में बताया गया कि मृतका रूबी बेगम और आरोपी अब्दुस की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। उनके 4 बच्चे भी हैं, जिनमें से 2 बच्चे जो बड़े हो चुके हैं, वो बाहर रहते हैं। जबकि एक छोटी बच्ची महज 7 से 8 माह की है। इस कारण आसपास के लोगों को घटना के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। 

सब्जी को लेकर हुई थी कहासुनी
हालांकि, कुछ लोगों ने बताया कि दंपति के बीच में रात के समय सब्जी को लेकर कहासुनी हो गई थी। बताया गया कि पति ने जब खाने में सब्जी मांगी, तो पत्नी ने कहा कि 'सब्जी आनबो तब नी बनामु'। बस इतनी छोटी सी बात ने कब खूनी रूप ले लिया, इसका पता नहीं चल सका। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद इसी बात से नाराज पति ने बसुली से महिला की हत्या कर दी। महिला के गले और चेहरे पर वार के निशान हैं। साथ ही बताया गया कि उसकी हत्या बहुत ही विभत्स तरीके से की गई है। इस वजह से स्थानीय लोग आरोपी की अविलंब गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
फिलहाल, मृतका के पिता के बयान पर पति अब्दुस सकुर को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ गंधर्वडांगा थाना में मामला भी दर्ज कर लिया गया है। FSL की टीम ने घटनास्थल की जांच की है। इसके अलावा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही उसकी जल्द गिरफ्तारी भी की जाएगी। पुलिस ने कहा कि दोषी को बख्शा नहीं जायेगा।

Tags - Kishanganj Murder Husband Killed Wife Crime News Bihar News Latest News Breaking News