द फॉलोअप डेस्क
बिहार के नवादा जिले में एक बेटे ने अपने ही पिता की तलवार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। बीते दिन सोमवार की रात हिसुआ थाना क्षेत्र के बजरा गांव में अनिल कुमार सिंह आजाद की हत्या उसके ही बेटे बब्लू ने कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार अनिल TS कॉलेज में चतुर्थ ग्रेड कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। और उनकी उम्र लगभग 60 वर्ष की होने वाली थी। मृतक के शरीर पर 6 से 7 जगहों पर वार के निशान मिले हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी बेटा घर छोड़कर फरार हो चुका था। 
मृतक के दूसरे बेटे डब्लू ने बातचीत में कहा कि रात में खाना खाने के बाद सभी सो गए थे तभी अचानक पिता के चिल्लाने की आवाज आई तो वे कमरे से बाहर निकले। उन्होंने देखा कि उनका बड़ा भाई बब्लू ने अपने ही पिता पर तलवार से हमला कर दिया है। परिवार वालों को देखते ही आरोपी युवक वहां से फरार हो गया। और वहीं मृतक को अस्पताल ले जाने के दौरान ही मौत हो गई। 
हत्या के बारे में जिक्र करते हुए छोटे बेटे डब्लू ने बताया कि उनका बड़ा भाई बब्लू अक्सर पिता को प्रताड़ित करता था। पिता एक साल में रिटायर होने वाले थे और बब्लू नॉमिनी में अपना नाम जुड़वाने की जिद करता था। साथ ही पिता के पास जो भी पैसे आते थे वह मांग लेता था। सोमवार की रात बब्लू नशे की हालत में घर आया और जब सारे परिवार के लोग सो गए तब उसने इस अपराध को अंजाम दे दिया। पुलिस इन बयानों के बाद घटना की जांच में जुट गई है।