पटना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्वीट में बताया कि नवम्बर 2005 में सरकार गठन के बाद से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में आशा और ममता कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार में अहम भूमिका निभाई है। इसी योगदान के सम्मानस्वरूप, आशा कार्यकर्ताओं को अब प्रति माह ₹1,000 की जगह ₹3,000 प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव ₹300 की जगह ₹600 की राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आशा जताई कि इससे इन जमीनी स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और भी सशक्त होंगी।
