द फॉलोअप डेस्क
बिहार उत्पाद विभाग के द्वारा शराब तस्करी मामले में एक इनोवा जब्त किया गया है। दरअसल बिहार में नवादा के चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर शराब से भरी एक इनोवा कार को जब्त किया गया है। लेकिन इस दौरान शराब के तस्कर भागने में सफल रहे। वहीं मामले से जुड़े दो होमगार्ड के जवान को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार में शराबबंदी को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए हर चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच की जा रही है।
सब इन्स्पेक्टर राजेश कुमार पटेल के नेतृत्व में झारखंड की तरफ से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में बीते सोमवार की शाम 8:30 बजे झारखंड की तरफ से आ रही एक इनोवा कार को शराब के साथ जब्त किया गया। उत्पाद बल में ही तैनात होमगार्ड राहुल कुमार अपनी ड्यूटी खत्म कर कार में बैठकर नवादा जा रहा था। जहां जांच कर रहे उत्पाद एसआई प्रवीण कुमार ने होमगार्ड को गाड़ी से उतरने के लिए कहा। इसी बीच होमगार्ड के इशारे पर कार में बैठे दो और लोग जांच चौकी से भागने लगे। जिसे पीछा कर वाहन को जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान इनोवा कार से 8 कार्टून विदेशी शराब पकड़ा गया। जिसमें 5 अलग अलग ब्रांड के कुल 72 लीटर विदेशी शराब था। वहीं तस्कर भागने में सफल रहे तो होमगार्ड से पूछताछ किया गया। जिस पर उसने बताया कि जांच चौकी पर रह चुके होमगार्ड रंजीत कुमार के कहने पर वह वाहन में बैठकर जांच चौकी से इनोवा कार को पार करा रहा था। जिसके बाद इस मामले में गहराई से जांच किया गया। वहीं होमगार्ड राहुल कुमार की निशानदेही पर होमगार्ड रंजीत कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।