logo

'इंजीनियर सिर्फ पैकेज देखता है' : नीतीश कुमार का नाम ले इरफान अंसारी ने कौन सा किस्सा सुना दिया

irfan_nitish_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क

बिहार में सत्ता परिवर्तन हो गया। आज सुबह 10 बजे तक प्रदेश में महागठबंधन की सरकार थी लेकिन अब यहां जेडीयू-बीजेपी और हम के सम्मिश्रण वाली एनडीए सरकार बन रही है। नीतीश कुमार ही इस गठबंधन के मुखिया होंगे। बिहार में सियासी हलचल पर अलग-अलग दलों और नेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है और इसी कड़ी में झारखंड कांग्रेस के विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने नीतीश कुमार पर तंज किया है। उन्होंने नीतीश कुमार की इंजीनियरिंग का उदाहरण देते हुए तीखा तंज किया है। गौरतलब है कि आज तकरीबन 11 बजे नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपकर महागठबंधन सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। इसके कुछ ही घंटों बाद उन्होंने जे़डीयू, बीजेपी और हम पार्टी के 128 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। 

इरफान अंसारी ने नीतीश पर किया तंज
बिहार में सत्ता परिवर्तन को लेकर इरफान अंसारी ने नीतीश कुमार पर तंज किया। इरफान अंसारी ने ट्विटर (एक्स) पर लिखा कि "चच्चा इंजीनियर हैं और इंजीनियर सिर्फ पैकेज देखता है कंपनी नहीं"। उन्होंने कहा कि मैं नीतीश कुमार चचा को बचपन से जानता हूं। एकीकृत बिहार के समय पटना में पिता जी (फुरकान अंसारी) के आवास के बगल में ही रहते थे। पेशेवर इंजीनियर होने के नाते दोनों में घनिष्ठ मित्रता थी। जो मैंने देखा है वही साझा किया है। इससे पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि नीतीश कुमार ने रंग बदलने के मामले में गिरगिट को भी चुनौती दी है। कहा कि उनके इस्तीफे से इंडि. गठबंधन की सेहत पर कोई असर नहीं होगा बल्कि अलायंस और मजबूत ही होगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैंने तेजस्वी यादव और लालू यादव से बातचीत की थी। अंदाजा था कि नीतीश हमें छोड़कर जा सकते हैं। 

9वीं बार बिहार के सीएम बने नीतीश कुमार
गौरतलब है कि बिहार में 2020 के बाद दूसरी बार सत्ता परिवर्तन हुआ है। 2020 में एनडीए गठबंधन को बहुमत मिला था। नीतीश मुख्यमंत्री थे और सुशील मोदी उपमुख्यमंत्री लेकिन, 2022 में नीतीश कुमार ने राहें अलग कर ली और महागठबंधन से नाता जोड़ लिया। नीतीश कुमार फिर मुख्यमंत्री बने और तेजस्वी यादव डिप्टी सीएम। अब डेढ़ साल बाद नीतीश कुमार ने यू-टर्न लिया और दोबारा एनडीए का दामन थाम लिया है। यह 9वीं बार है जबकि नीतीश कुमार सीएम बने हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\