logo

प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत : रेलवे ट्रैक पर मिले प्रेमी युगल के शव, एक दिन पहले की थी शादी

रेलवे ट्रैक पर मिले प्रेमी युगल के शव, एक दिन पहले की थी शादी

द फॉलोअप डेस्क, रांची
हावड़ा-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग के मदनकट्टा रेलखंड पर नवाडीह-दुर्गापुर के समीप (पोल संख्या 271/4 और 271/5) शनिवार की सुबह एक प्रेमी युगल का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। मृतकों की पहचान जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव के रहने वाले रॉकी कुमार मंडल और नाजिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वे अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखते थे। खास बात यह है कि दोनों ने शुक्रवार की शाम को ही गांव के समीप स्थित दुर्गा मंदिर में कथित तौर पर शादी कर ली थी।


आज सुबह देखे गये शव
​शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर दोनों के शव देखे, जिसके बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना करमाटांड़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और रेल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।


दोनों ने हाथ बांधकर की आत्महत्या
​आरंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि दोनों ने आपस में हाथ बांधकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है। करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे ने बताया कि पुलिस और रेल पुलिस संयुक्त रूप से इस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस दर्दनाक घटना से दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Tags - Madankatta Railway Track Nawadih Durgapur Karmatand Rocky Kumar Mandal Nazia Jharkhand News Railway Track Death