पटना
राजधानी पटना को एक और फाइव स्टार होटल मिलने जा रहा है। आयकर चौराहा स्थित होटल पाटलिपुत्र अशोक की 1.5 एकड़ भूमि पर जन–निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत प्रतिष्ठित ITC होटल्स आगामी चार वर्षों में 140 से अधिक कमरों वाला टॉप लग्जरी फाइव स्टार होटल बनाएगा।
सोमवार को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC), चयनित निविदादाता मेसर्स कुमार इंफ्राट्रेड एंटरप्राइजेज प्रा. लि. और ITC Hotels Ltd के बीच समझौता पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधाओं को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार तीन फाइव स्टार होटल बनाने की योजना पर काम कर रही है। इनमें पहला प्रोजेक्ट पाटलिपुत्र अशोक की जमीन पर शुरू किया जा रहा है।

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि चयनित एजेंसी को पहले ही लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया जा चुका था। इसके बाद कंपनी ने ITC को होटल संचालन के लिए पार्टनर बनाया। गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस स्टैंड परिसर और बीरचंद पटेल पथ स्थित सुल्तान पैलेस की जमीन पर भी फाइव स्टार होटल निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं राजगीर, वैशाली और वाल्मीकिनगर में भी लग्जरी होटल निर्माण की योजनाएं चल रही हैं।

ITC समूह के एचडी अनिल चड्ढा ने भरोसा दिलाया कि तय समयसीमा के भीतर होटल का निर्माण पूरा होगा। कुमार इंफ्राट्रेड के निदेशक मनीष कुमार ने कहा कि बोधगया में ITC होटल का संचालन आज से शुरू हो चुका है और पटना में भी समझौते के साथ नई शुरुआत हो रही है। कार्यक्रम में पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव उदयन मिश्रा, महाप्रबंधक चंदन चौहान सहित कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpeg)